
समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बिशनपुर बेरी पंचायत के सरपंच की अपराधियों ने घर से खींचकर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुची और सरपंच को अस्पताल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और मातम का माहौल बन गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह मामला मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बिशनपुर बेरी गांव का है। मृतक के परिजनों के अनुसार, पूर्व में विवाद के चलते मंगलवार की संध्या से ही तनाव चल रहा था। इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने घर पर चढ़कर शाम से ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बाद में इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। लेकिन तब कोई नहीं आया। इसके बाद जब इनलोगों पता चला कि सरपंच को घर से खींचकर गोली मारी गई है, तो डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए मोहिउद्दीन नगर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत सरंपच की पहचान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बिशनपुर बेरी गांव के सुनील कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले को लेकर पूर्व में पंचायत भी की गई थी और विवाद भी हुआ था। गांव में लगातार फायरिंग के कारण तनाव का माहौल बना हुआ था। इधर, पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया और जांच में जुट गई।






