रोहतास। जिले के चेनारी में आयोजित गुप्ता धाम महोत्सव के दौरान बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ उपद्रवी तत्वों ने कार्यक्रम स्थल पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। दरअसल गुप्ता धाम महोत्सव में उमड़ी भीड़ अपने चहेते भोजपुरी कलाकारों को देख बेकाबू हो गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई खास इंतजाम नहीं किए गए थे। कार्यक्रम में उम्मीद से अधिक भीड़ पहुंच गई और पर्याप्त नियंत्रण व प्रबंधन के अभाव में स्थिति बेकाबू हो गई। बता दें कि गुप्ता धाम महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता का एक प्रतीक है, जिसमें जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन की सहभागिता रहती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान असामाजिक तत्वों ने करीब 200 से अधिक कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पंडाल को भी नुकसान पहुंचाया। अत्यधिक भीड़ की वजह से गुप्ता धाम महोत्सव की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पाद मचाया.
बता दें कि गुप्ता धाम के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए प्रत्येक वर्ष जिला प्रशासन द्वारा गुप्ता धाम महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी 21 फरवरी को यानि कल यह आयोजन किया गया था। जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी उदित सिंह एवं एसपी रौशन कुमार तथा स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने किया। रामदुलारी गंगा उच्च विद्यालय के प्रांगण में शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां सैकड़ो की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी। महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों ने भी शिरकत किया। पर्यटन विभाग की ओर से आमंत्रित भोजपुरी के चर्चित कलाकार जोड़ी अंकुश राजा, शिवानी सिंह, अरविंद अकेला उर्फ कल्लू एवं हर्षप्रीत कौर ने अपने-अपने गीतों की प्रस्तुति दी और लोगों का मनोरंजन किया। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही कुव्यवस्था को लेकर लोगों ने बवाल कर दिया इस दौरान 200 से अधिक कुर्सियों को तोड़ दिया।







