वैशाली: वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत पीएचसी अस्पताल में गुरुवार देर रात एक गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। लदहो पंचायत के रूपनपट्टी गांव निवासी मुकेश सहनी की पत्नी पूजा देवी को गुरुवार शाम को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में पातेपुर पीएचसी में भर्ती कराया। यहां देर रात पूजा देवी ने दो बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी जीएनएम प्रेमलता और निभा भारती की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं। एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है, वहीं यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस संबंध में जीएनएम प्रेमलता ने बताया कि महिला को गुरुवार शाम अस्पताल लाया गया था और कई घंटों बाद उसने तीन बच्चों को जन्म दिया।
पातेपुर पीएचसी प्रभारी डॉ. अवनी कुमार ने बताया कि जुड़वां बच्चों का जन्म अब सामान्य माना जाता है, लेकिन एक साथ तीन बच्चों का जन्म एक दुर्लभ घटना है जो हजारों में एक बार होती है। फिलहाल बच्चों की किलकारियों से पूरा परिवार खुशियों से सराबोर है और पूरे गांव में इस सुखद घटना की चर्चा हो रही है।







