सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम से 17 अगस्त को शुरू होने वाली राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने राहुल गांधी को उधार का गांधी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस नेता एसआईआर का विरोध क्यों कर रहे हैं?
क्या वे नहीं चाहते कि मतदाता सूची से फर्जी वोटरों को हटाया जाए और अवैध घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाए? आलोक ने स्पष्ट किया कि राज्य और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जल्द ही सख्त कदम उठाने जा रही है। उ अजय आलोक ने नेता प्रतिपक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास दो वोटर कार्ड कहां से आए? चुनाव आयोग उनके एक वोटर कार्ड को पहले ही खारिज कर चुका है। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि दूसरा कार्ड बांग्लादेश से आया है या फिर पाकिस्तान की साजिश का हिस्सा है।
श्री आलोक ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के नेता देश में केवल अव्यवस्था फैलाना चाहते हैं। पहले चुनाव आयोग, फिर ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और अब सुप्रीम कोर्ट तक- इन संस्थाओं को विपक्ष निशाना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने अव्यवस्था फैलाने का ठेका ले रखा है, लेकिन एसआईआर के मुद्दे पर दोनों बुरी तरह फंस चुके हैं और चुनाव आयोग के नोटिस से बचने के लिए भाग रहे हैं।







