
सीवान: सीवान के बड़गांव की नाबालिग खुशी कुमारी की नृशंस हत्या के विरोध में सोमवार देर शाम मैरवा में सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में महिलाएं, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए और इंसाफ की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई। कैंडल मार्च पुरानी सब्जी मंडी से शुरू हुआ, जो मैरवा स्टेशन, मझौली रोड, नई बाजार और पुरानी बाजार से गुजरते हुए राजेन्द्र पार्क पर समाप्त हुआ।
मार्च के दौरान “खुशी को इंसाफ दो”, “हत्यारों को फांसी दो” जैसे नारे गूंजते रहे। लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद असली अपराधियों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। इस विफलता ने जनता का गुस्सा और बढ़ा दिया है। मार्च में शामिल युवाओं और महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो वह उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। इधर, पुलिस ने दावा किया है कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। हालांकि, जनता का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा।






