
कटिहार: कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छिटाबाड़ी वार्ड नंबर 3 में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि धीरज रात में अपने घर लौट रहा था, तभी घर के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही धीरज मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे आननफानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही एएसपी अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।






