सासाराम। जिले के नोखा प्रखंड के कैथी गांव में बुधवार की संध्या चौपाल लगाकर हर घर दस्तक अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य ग्रामीणों को आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान, उपस्थित सभी ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ दिलाई गई। स्वीप नोडल वरीय उप समाहर्ता , रोहतास विनीता कुमारी और स्वीप नोडल वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी लालच या दबाव के, अपने विवेक का उपयोग कर मतदान करें। कार्यक्रम में सहायक दिव्यांगजन पदाधिकारी आफताब करीम, नोखा की बीडीओ शेफाली, डीपीएम जीविका रवि कांत शर्मा, बीपीएम जीविका, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। सभी ने मतदान के महत्व पर चर्चा की और 11 नवंबर को कैथी गांव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।







