Home बिहार मुजफ्फरपुर में NH-57 छह फीट धंसा, बड़ी दुर्घटना टली; मरम्मत कार्य जारी

मुजफ्फरपुर में NH-57 छह फीट धंसा, बड़ी दुर्घटना टली; मरम्मत कार्य जारी

470
0
NH-57 in Muzaffarpur sank six feet, major accident averted; repair work underway

मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल ओवरब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-57 (एनएच-57) का एक हिस्सा करीब छह फीट तक धंस गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। यह हादसा दरभंगा से मोतिहारी की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के पास देर शाम हुआ, जब अचानक सड़क का एक हिस्सा बैठ गया। धंसाव की चपेट में आने से एक ट्रक और बस बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई और मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।

स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। जेसीबी मशीन लगाकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की जा रही है। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क की बेस पर मिट्टी का कटाव हुआ, जिससे यह हिस्सा धंस गया। हालांकि, लोगों में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भारी नाराजगी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से ठीक पहले सड़क पर कंपन महसूस हुआ था। इसके कुछ ही पलों में करीब 6 फीट गहरा और 10 फीट से अधिक चौड़ा गड्ढा बन गया।

GNSU Admission Open 2026

लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे यह स्थिति पैदा हुई। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “यह हाईवे पूर्वांचल को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, और इस पर हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माण एजेंसियों की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी।” एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी से रिपोर्ट मांगी है और सड़क के अन्य हिस्सों की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित एजेंसी को निर्माण की गुणवत्ता सुधारने और सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश भी दिया गया है। फिलहाल सड़क की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और पुलिस-प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटा है।




GNSU Admission Open 2026