Home बिहार शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर से बरामद...

शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, घर से बरामद हुआ शव

556
0
Newly married woman dies under suspicious circumstances five months after marriage, body recovered from home

मधुबनी: मधुबनी जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भखराईन गांव में शनिवार को एक नवविवाहित महिला का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रमन जी मुखिया की पत्नी असमिती कुमारी के रूप में की गई है। उनकी शादी मात्र पांच महीने पहले ही हुई थी। परिजनों के अनुसार, असमिती कुमारी शुक्रवार देर शाम खाना बनाकर खाने के बाद अपने पति से फोन पर बातचीत कर रही थीं।

इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। सास के मुताबिक, इसके बाद महिला ने आत्महत्या करने की बात कही थी। अगली सुबह जब सास ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो कमरे से कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा खोलने पर महिला को बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। मृतका की सास ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज नवादा के एक निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। हालांकि अचानक हुई इस घटना ने मामले को संदेहास्पद बना दिया है।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, मृतका के पिता सिया चरण मुखिया ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने धूमधाम से अपनी बेटी की शादी मात्र पांच महीने पहले की थी, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर असमिती मायके आई थीं और एक रात वहीं रुकी थीं। मौत की जानकारी उन्हें ग्रामीणों से फोन पर मिली, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही मधेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अमित कुमार चौरसिया दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।




GNSU Admission Open 2026