12 से 17 सितम्बर तक देश-विदेश की 800 से अधिक खिलाड़ी करेंगे प्रतिस्पर्धा
रोहतास। जिले के डेहरी प्रखंड के जमुहार स्थित नारायण वर्ल्ड स्कूल को इस वर्ष (2025) सीबीएसई राष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट (बॉयज़) की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। पहली बार बिहार में हो रहे इस आयोजन से जिले में खेल का उत्साह चरम पर है। यह प्रतियोगिता 12 से 17 सितम्बर तक आयोजित होगी, जिसमें देशभर के सीबीएसई के 20 क्लस्टर के 800 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। उक्त जानकारी मंगलवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। बताया गया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट संचालन के लिए 120 टीम मैनेजर, कोच और 40 से अधिक रेफरी मौजूद रहेंगे। अब तक 57 टीमों ने सहमति दी है, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय आबुधाबी और कुवैत की टीमें भी शामिल हैं। खिलाड़ियों के सुरक्षित एवं सहज आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन पर 24×7 प्रतिनिधि मंडल की तैनाती तथा सुरक्षित वाहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रतियोग की शुरुआत 12 सितम्बर को शाम 4 बजे स्वागत सह उद्घाटन समारोह से होगी। अगले दिन 13 सितम्बर को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह मशाल प्रज्वलित कर टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 17 सितम्बर को होगा। विद्यालय की निदेशिका डॉ. मोनिका सिंह ने कहा कि नारायण वर्ल्ड स्कूल को सीबीएसई राष्ट्रीय कबड्डी बॉयज टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना गर्व का विषय है। यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में होगा। वही विश्वविद्यालय के सचिव गोविंद नारायण सिंह ने बताया कि देश के 28 हजार सीबीएसई स्कूलों को 20 क्लस्टरों में बांटा गया है। सभी क्लस्टरों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन रोहतास जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान देगा।नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। टूर्नामेंट के दौरान देशभर के साथ-साथ विदेशी कबड्डी खिलाड़ियों, कोच, रेफरी और सैकड़ों खेल प्रेमियों की मेजबानी का अवसर मिलेगा।







