डेहरी। जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय और विद्याश्रय, पटना के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य विश्वविद्यालय के बी.कॉम (ऑनर्स) पाठ्यक्रम के साथ-साथ चार्टर्ड अकाउंटेंसी , कंपनी सेक्रेटरी तथा कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी जैसे पेशेवर पाठ्यक्रमों के लिए छात्रों को विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।समझौते के तहत विद्याश्रय विश्वविद्यालय का “एक्सक्लूसिव नॉलेज पार्टनर” होगा और पटना एवं सासाराम दोनों परिसरों में छात्रों के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन करेगा। विश्वविद्यालय बी.कॉम (ऑनर्स) पाठ्यक्रम का शैक्षणिक प्रबंधन करेगा, जबकि विद्याश्रय पेशेवर पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम प्रदान करेगा। यह एमओयू तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा और दोनों पक्षों की सहमति से इसमें संशोधन किए जा सकेंगे।
समझौते में वित्तीय पारदर्शिता, गोपनीयता तथा छात्रों के हितों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। इस एमओयू को वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर डॉ. आशुतोष द्विवेदी एवं सी. ए. पल्लवी झा के संयोजन में तैयार किया गया, जिनके प्रयासों से सहमति और भविष्य का रोडमैप अंतिम रूप ले सका। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर जगदीश सिंह, देव मंगल मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव गोविंद नारायण सिंह एवं अकादमिक डायरेक्टर सुदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में इस अकादमिक गतिविधि के प्रकल्प को अंतिम रूप दिया गया। समझौते पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार और विद्याश्रय की ओर से निदेशक प्रशांत रंजन ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी से छात्रों को शैक्षणिक एवं पेशेवर शिक्षा का समन्वित लाभ मिलने की उम्मीद है।







