Home बिहार जहानाबाद में 68 हजार से ज्यादा नाम वोटर लिस्ट से बाहर, घोसी...

जहानाबाद में 68 हजार से ज्यादा नाम वोटर लिस्ट से बाहर, घोसी विधानसभा में सबसे अधिक कटौती

440
0
More than 68 thousand names are out of the voter list in Jehanabad, the most deletions in Ghosi assembly constituency

जहानाबाद: जहानाबाद जिले में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार की गई इस प्रक्रिया में जिले भर से कुल 68,806 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इस कटौती के बाद जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 8,36,134 से घटकर 7,67,328 रह गई है। इस अभियान का सबसे बड़ा असर घोसी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां अकेले 34,233 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

यहां पहले 2,84,430 मतदाता थे, जो अब घटकर 2,50,197 रह गए हैं। वहीं, जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में यह संख्या 3,11,417 से घटकर 2,90,829 हो गई है, जबकि मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,40,287 से घटकर 2,26,302 मतदाता बचे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उनमें से कई की मृत्यु हो चुकी है, कुछ स्थायी रूप से जिले से बाहर चले गए हैं, और कई के नाम दो जगह दर्ज थे। सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है।

GNSU Admission Open 2026

हालांकि, अगर किसी मतदाता का नाम गलती से हट गया है, तो 1 अगस्त से 1 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन और दस्तावेज जमा करने होंगे। इसी के साथ 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने का अभियान भी चल रहा है। इसके लिए पंचायतों और नगर निकायों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर लें और अगर नाम कट गया हो तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा जरूर दर्ज करें। समय पर प्रक्रिया पूरी करने से ही वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान से वंचित नहीं रहेंगे।



GNSU Admission Open 2026