दावथ के मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल में 80 युवक-युवतियां पकड़े गए थे, 18 नाबालिगों को पहले ही POCSO कोर्ट में किया गया प्रस्तुत
सासाराम/रोहतास: रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल में हुई छापेमारी के मामले में नया मोड़ सामने आया है। तीन दिन पूर्व आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए 80 युवक-युवतियों में शामिल 23 बालिग महिलाओं को सोमवार को सासाराम के सिविल कोर्ट में पेश किया गया।इससे पहले इस मामले में पकड़ी गई 18 नाबालिग लड़कियों को सासाराम के POCSO कोर्ट में प्रस्तुत किया जा चुका है। वहीं, बालिग महिलाओं की सुनवाई के दौरान अदालत ने सभी को पीड़ित मानते हुए उनका बयान दर्ज किया और बाद में उन्हें रिहा कर दिया। सासाराम सिविल कोर्ट के स्पेशल पीपी हीरा प्रताप सिंह ने बताया कि मैरिज हॉल में आपत्तिजनक स्थिति में मिली सभी वयस्क महिलाओं को न्यायालय ने पीड़ित के रूप में माना है। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया के तहत बयान दर्ज करने के बाद उन्हें मुक्त कर दिया गया। गौरतलब है कि 3 अप्रैल कोबिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार के नेतृत्व में प्रशासन ने दावथ के मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल में छापेमारी कर 80 युवक-युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। इस कार्रवाई के बाद मैरिज हॉल को सील कर दिया गया था।।फिलहाल इस मामले में पकड़े गए सभी लोगों को अलग-अलग प्रक्रिया के तहत कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।







