रोहतास एसपी के नेतृत्व में मैराथन दौड़ का हुआ आयोजन
रोहतास । बिहार पुलिस सप्ताह के गौरवशाली अवसर पर रोहतास जिले में पुलिस और पब्लिक के बीच की दूरी कम करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खुद जिले के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने किया। सुबह की पहली किरण के साथ ही पुलिस लाइन और निर्धारित मार्गों पर पुलिस बल के जवानों और स्थानीय युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस कप्तान रौशन कुमार ने केवल झंडा दिखाकर दौड़ को रवाना नहीं किया, बल्कि खुद भी धावकों के साथ सड़क पर उतरकर कदमताल किया। कप्तान का यह ‘एक्शन अवतार’ देखकर वहां मौजूद युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैराथन का रूट शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए तय किया गया था। दौड़ते हुए पुलिस कप्तान और प्रतिभागियों का काफिला विश्व प्रसिद्ध शेरशाह सूरी के मकबरे पहुँचा।
इस दौरान एसपी ने ऐतिहासिक धरोहर के परिसर में रुककर अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। मैराथन के अलावा कप्तान ने कई गतिविधियों के जरिए जनता से जुड़ने का प्रयास किया। दौड़ के समापन के बाद उन्होंने स्थानीय युवाओं से बातचीत की और उन्हें नशे से दूर रहकर खेल और करियर पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मकबरा परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस सप्ताह का मूल उद्देश्य आम लोगों के मन से पुलिस का भय निकालकर विश्वास पैदा करना है। “पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि समाज का हिस्सा बनकर लोगों की सेवा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। मैराथन का उद्देश्य अनुशासन और ऊर्जा का संचार करना है।







