मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। इस बार चोरों ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश सचिव कुमारेश्वर के घर को निशाना बनाया है। घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत संजय सिनेमा बटलर रोड स्थित एक फ्लैट में घटी, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। जेडीयू नेता कुमारेश्वर के अनुसार, रात लगभग 12 बजे वे और उनकी पत्नी भोजन के बाद अपने शयनकक्ष में सोने चले गए थे। सुबह जब उठे तो देखा कि घर का एक कमरा बाहर से बंद है और दरवाजे के नीचे कपड़ा ठूंसा हुआ है। शक होने पर वे पीछे गली में गए तो देखा कि उस कमरे की खिड़की की ग्रिल काटकर बाहर फेंक दी गई है। कमरे का दरवाजा खोला गया तो पाया गया कि अंदर रखी एक अलमारी और ट्रंक को तोड़कर उसमें रखे लगभग 75 ग्राम सोने की ज्वेलरी, कई बनारसी साड़ियाँ, नए कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर चोर फरार हो चुके हैं।
चोरी गए दस्तावेजों में उनकी पत्नी और बेटे के ओरिजिनल कागजात भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच का नेतृत्व कर रहे सब-इंस्पेक्टर संकेत कुमार ने बताया कि चोर घर के पीछे की खिड़की से दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के पीछे रेल लाइन है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर उसी रास्ते से आए और फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि अज्ञात चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी। कुमारेश्वर ने घटना को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों के मन में डर पैदा करती हैं, लिहाजा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है।







