
सासाराम: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी की यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के बहाने राहुल गांधी घुसपैठियों का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के खिलाफ अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने अब राहुल गांधी को आईना दिखा दिया है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना कांग्रेस की परंपरा रही है और एसआईआर विरोध उसी का हिस्सा है। दरअसल, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन सोमवार को जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
शाहनवाज हुसैन ने इस दौरान लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि संविधान की दुहाई देने वाले लालू यादव अपने जन्मदिन पर बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर का अपमान करते हैं और उनके बेटे तेजस्वी यादव शहाबुद्दीन जैसे अपराधी के लिए “अमर रहें” का नारा लगाते हैं। जिस कांग्रेस ने जगजीवन बाबू को प्रधानमंत्री बनने से रोक दिया, वही आज संविधान और दलितों की बात कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि रोहतास जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्वीकृति, 200 बेड के मॉडल अस्पताल का लोकार्पण, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से सासाराम का जुड़ाव, पटना-सासाराम एक्सप्रेसवे को हरी झंडी और पर्यटन स्थलों का विकास इसी का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने प्रदेश में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार दिया है। अब एक करोड़ युवाओं को भी नौकरी देने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने पटना मेट्रो, 13 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, छह एयरपोर्ट, एक नमो भारत, 10 वंदे भारत ट्रेन, 6 अमृत भारत ट्रेन और 98 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प को बड़ी उपलब्धियां बताया।






