Home बिहार कहलगांव के किशन कुमार को टीम इंडिया में मिला मौका, गांव में...

कहलगांव के किशन कुमार को टीम इंडिया में मिला मौका, गांव में खुशी की लहर

573
0
Kishan Kumar of Kahalgaon got a chance in Team India, wave of happiness in the village

भागलपुर: भागलपुर के कहलगांव निवासी और युवा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज किशन कुमार का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। किशन अब आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय अंडर-19 टीम का यह दौरा 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसकी कप्तानी आयुष महात्रे करेंगे। इस टीम में आईपीएल के सनसनीखेज बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। किशन कुमार के टीम में चयन की खबर सुनते ही उनके परिवार और दोस्तों में खुशी की लहर दौड़ गई।

किशन के माता-पिता सुशील कुमार और रीना सिंह ने अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि देश के लिए खेलने का मौका मिलना पूरे परिवार के लिए गौरव की बात है। अमर उजाला से बातचीत में किशन ने कहा, “यह मेरे लिए देश के लिए खेलने का एक बड़ा मौका है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि अपने प्रदर्शन से लोगों के विश्वास पर खरा उतरूं। मेरे रोल मॉडल बेन स्टोक्स और मेंटर आशीष नेहरा हैं।” किशन वर्तमान में नोएडा में चल रहे भारतीय अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कैंप में भी शामिल हो चुके हैं।

GNSU Admission Open 2026

किशन बीते दो वर्षों से आईपीएल फ्रेंचाइज़ी गुजरात टाइटंस के लिए नेट गेंदबाज के रूप में भी जुड़े हुए हैं। किशन के कोच नागेंद्र नेगी, यशोवर्धन आचार्य, सोनू सिंह, उज्जवल सिंह, अजीत सिंह, चीकू सिंह रघुवंशी, रौनक सिंह, राहुल, पंकज सिंह, पिंटू सिंह और अनुराधा रजक ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। नैनी स्थित डीपीएस मैदान पर संचालित आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी (ANCA) की प्रशिक्षक स्वाति सिंह ने बताया कि किशन अकादमी के शुरूआती प्रशिक्षुओं में से हैं और उन्होंने प्रारंभ से ही अनुशासन और मेहनत से खुद को साबित किया है। अब सभी की नजरें ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अंडर-19 टेस्ट मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां किशन कुमार के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।



GNSU Admission Open 2026