Home बिहार *करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह ने सरकारी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

*करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह ने सरकारी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

267
0
*करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह ने सरकारी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

सरकारी विद्यालय की बदहाली पर भड़के विधायक

करगहर (रोहतास)। करगहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक वशिष्ठ सिंह बुधवार को करगहर प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बड़की खराड़ी प्लस टू हाई स्कूल, करगहर प्लस टू हाई स्कूल तथा डिभियाँ हाई स्कूल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बड़की खराड़ी प्लस टू हाई स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति देखकर विधायक काफी नाराज दिखे। उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या को सख्त निर्देश देते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने को कहा। सबसे पहले विधायक बड़की खराड़ी प्लस टू हाई स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय के सभी क्लासरूम, शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की पढ़ाई और भवन की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं। विधायक ने देखा कि साइंस और आर्ट्स दोनों संकाय के छात्र-छात्राओं को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। इसके अलावा फिजिक्स की शिक्षिका अनुपस्थित मिलीं, जबकि उनकी जगह केमिस्ट्री शिक्षक द्वारा फिजिक्स विषय की पढ़ाई कराई जा रही थी।

GNSU Admission Open 2026

इस व्यवस्था पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के कई कमरों की स्थिति भी खराब मिली। कहीं पंखे खराब थे तो कहीं बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं थी। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इन तमाम कमियों को देखकर विधायक ने विद्यालय प्रशासन को फटकार लगाई और कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बताया जाता है कि विधायक वशिष्ठ सिंह ने भी इसी बड़की खराड़ी विद्यालय से मैट्रिक तक की पढ़ाई की थी। ऐसे में अपने पुराने विद्यालय की वर्तमान स्थिति देखकर वे भावुक भी दिखे और नाराज भी। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, वहां आज इस तरह की अव्यवस्था होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्राचार्या को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यालय में पढ़ाई की स्थिति में सुधार लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे पढ़ने आते हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को अपने बेटे-बेटियों की तरह पढ़ाएं और शिक्षा के प्रति पूरी ईमानदारी दिखाएं। पढ़ाई में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम हो, उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाए। साथ ही नियमित रूप से क्लास करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान रोहतास जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय भी मौजूद रहे। उन्होंने भी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया और कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय निरीक्षण के बाद विधायक ने करगहर हाई स्कूल स्थित जगजीवन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। स्टेडियम में बने गड्ढों और अव्यवस्था को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर स्टेडियम में मिट्टी भराई का कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही बरसात के बाद अपने निजी मद से स्टेडियम की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी कराया जाएगा, ताकि यहां खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और बाहर से भी खिलाड़ी आकर टूर्नामेंट में भाग ले सकें। इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष अरविंद सिंह, पूर्व मुखिया गुप्तेश्वर सिंह, सरपंच सरोज राय, संजय सिंह, शैलेश पटेल, बच्चा यादव, अखिलेश भगत समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।