वैशाली: वैशाली जिले के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 के पास गोरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरौल बाजार में एक आभूषण दुकान दिनदहाड़े डकैती हुई है। छह नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर सोना-चांदी के करीब 20 लाख रुपये का आभूषण लूट लिया। यह घटना थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर शुक्रवार की दोपहर को हुई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए और गोरौल थाना की पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद बदमाशों के भागने की दिशा में छापेमारी शुरू कर दी गई। पुलिस घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और बदमाशों के भागने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। महुआ एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति भी घटनास्थल पर पहुंचकर दुकानदार से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल बाजार स्थित कोलकाता अलंकार ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार में छह नकाबपोश बदमाश हथियार के बल पर घुस आए और दुकान से सोना-चांदी के जेवर, नगद रुपए तथा अन्य सामान लूट कर ले गए। आभूषण दुकानदार अरुण शाह ने बताया कि दो बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाश दुकान में घुसकर करीब 20 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर और नगद रुपए सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। बताया गया है कि सभी अपराधी 20 से 25 वर्ष के आयु के हैं। इस संबंध में एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति ने बताया कि लूटपाट की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचकर दुकानदार से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।







