हाजीपुर का मालभोग केला पहुंचा विदेश, पीएम मोदी ने बढ़ाया बिहार का मान

वैशाली जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि हाजीपुर का प्रसिद्ध मालभोग केला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने वियतनाम के राष्ट्रपति Tô Lâm को विशेष उपहार के रूप में हाजीपुर का मालभोग केला भेंट किया। इस पहल को स्थानीय उत्पादों और किसानों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, वियतनाम के राष्ट्रपति इन दिनों भारत के राजकीय दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, कृषि, तकनीक और सांस्कृतिक सहयोग को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने भारतीय परंपरा और क्षेत्रीय कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस खास उपहार को चुना। हाजीपुर का मालभोग केला अपने विशेष स्वाद, सुगंध और पौष्टिकता के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। गंगा और गंडक के मैदानी इलाकों की उपजाऊ मिट्टी में उगने वाला यह केला वैशाली जिले की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिले के हजारों किसान इसकी खेती से जुड़े हैं और यही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। शहर का रामाशीष चौक, जिसे ‘गेटवे ऑफ नॉर्थ बिहार’ कहा जाता है, अपनी विशाल केले की प्रतिमा के कारण खास पहचान रखता है। यह स्थल हाजीपुर आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रधानमंत्री द्वारा मालभोग केले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्व दिए जाने से किसानों और व्यापारियों में खुशी का माहौल है। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे हाजीपुर के केले की मांग राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में बढ़ेगी तथा किसानों की आय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी।

GNSU Admission Open 2026