सासाराम। आगामी गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सासाराम के फजलगंज स्थिति न्यू स्टेडियम में मंगलवार को परेड के पूर्वाभ्यास की विधिवत शुरुआत हो गई है। मुख्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। पूर्वाभ्यास के दौरान न्यू स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ स्काउट-गाइड के सदस्य भी परेड अभ्यास में शामिल हुए। अभ्यास के दौरान सभी टुकड़ियों ने कदमताल मिलाकर मार्च पास्ट किया और सलामी का अभ्यास किया। अनुशासन, एकरूपता और समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि 26 जनवरी को मुख्य समारोह में बेहतर और प्रभावशाली प्रस्तुति दी जा सके।
एनसीसी अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि कैडेट्स पूरे उत्साह और समर्पण के साथ गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मार्च पास्ट, सैल्यूटिंग समेत परेड से जुड़े सभी अभ्यास लगातार कराए जा रहे हैं, जिससे परेड का स्तर और बेहतर हो सके। वहीं, परेड अभ्यास में शामिल एनसीसी कैडेट रिंकी कुमारी ने कहा कि सभी कैडेट पूरी मेहनत और लगन के साथ अभ्यास कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम पुरस्कार हासिल करना है।
गौरतलब है कि इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शहर के न्यू स्टेडियम फजलगंज में आयोजित किया जाएगा, जहां परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश दिया जाएगा।







