रोहतास: रोहतास जिले के डेहरी शहर में गुरुवार देर रात अचानक हुई फायरिंग की घटना से तार बंगला मोहल्ला दहल उठा। अज्ञात अपराधियों ने बिजली विभाग के एक कर्मचारी सुनील के घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना डेहरी के बिजली कॉलोनी स्थित तार बंगला मोहल्ले की है, जहां देर रात अपराधियों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मोहल्ले में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फायरिंग की सूचना मिलते ही डेहरी एएसपी अतुलेश झा और नगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह फायरिंग बिजली विभाग के कर्मचारी सुनील के मकान को निशाना बनाकर की गई थी।
पुलिस टीम ने मौके से तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मकान मालिक सुनील और मोहल्ले के अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।







