गया: आगामी 11 जुलाई 2025 से पवित्र सावन का महीना शुरू होने वाला है। सावन का महीना शुरू होते ही बोधगया के महाबोधि मंदिर और गया के विष्णुपद मंदिर में कांवरियों का पूजा-दर्शन करने के लिए आने जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। महाबोधि मंदिर और विष्णुपद मंदिर में पूजा और दर्शन के लिए आने वाले कांवरिया ज्यादातर गया जिले के सटे हुए जिले से आते है। जैसे औरंगाबाद, सासाराम, नवादा, नालंदा तथा झारखंड राज्य के चतरा, पलामू सहित कई जिले के कांवरिया महाबोधि मंदिर और विष्णुपद मंदिर में दर्शन और पूजा करने के लिए आते है। इन कांवरियों की भीड़ बहुत अधिक होती है।
वहीं सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा अलर्ट भी किया गया है कि महाबोधि मंदिर को नुकसान पहुंचाने के लिए कांवरिया के भेष में कोई भी पहुंच सकता है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद महाबोधि मंदिर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। इस संबंध में गया के सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि सावन के महीने में भारी भीड़ को देखते हुए गया जिले के प्रमुख स्थानों के सुरक्षा को लेकर कई सारे निर्देश दिए गए है। हमलोग पहले से ही अलर्ट हैं। मगर आगामी भीड़ को देखते हुए सभी महत्वपूर्ण स्थानों चाहे विष्णुपद मंदिर हो या महाबोधि मंदिर हो सभी स्थानों पर व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किये गए हैं। आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
वहीं कांवरियों के भेष में उपद्रवी को शामिल होने के सवाल पर कहा कि इतना भीड़ में तो हमेशा एक चांसेज रहता है। मगर इस संबंध में अगर कोई सूचना प्राप्त होती है तो आवश्यक जाँच कर उचित कार्रवाई करेंगे। मालूम हो कि हर बार महाबोधि मंदिर आतंकियों के निशाने पर हैं। पहले भी आतंकी महाबोधि मंदिर में बम ब्लास्ट कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर चुकी है। वहीं बीते दिनों महाबोधि मंदिर को बौद्ध भिक्षुओं को सौंपने को लेकर भी जमकर हंगामा हुआ था। इस सभी पहलुओं को देखते हुए गया पुलिस ने महाबोधि मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने भी अलर्ट जारी किया है।







