Home बिहार सड़क दुर्घटना में ससुर-बहू की मौत, चार घायल

सड़क दुर्घटना में ससुर-बहू की मौत, चार घायल

100
0
सड़क दुर्घटना

जमुई। बिहार में जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति और उसकी बहू की मौत हो गयी तथा चार लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर बसबूटिया मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान जिले के सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव निवासी कृष्णनंदन सिंह (70)और उनकी बहू रिंकू देवी (38) के रूप में हुई है। कृष्णनंदन सिंह सेवानिवृत्त केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवान थे और वर्तमान में परिवार के साथ देवघर में रहते थे।कृष्णनंदन सिंह का परिवार शादी समारोह में शामिल होने आया था। 12 फरवरी को उनके भांजे की शादी और 14 फरवरी को रिसेप्शन कार्यक्रम था। रिसेप्शन समाप्त होने के बाद रविवार की सुबह करीब तीन बजे सभी लोग कार से देवघर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। घायलों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

GNSU Admission Open 2026