- हर हर महादेव से गुंजायमान हुआ शहर का शिवालय
सासाराम। महाशिवरात्रि के अवसर पर रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर समेत कई शिवालयों में शिवभक्ति में डूबा नजर आया। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के उद्घोष से पूरा इलाका और शिवालय गूंज उठा। पहाड़ पर मौजूद, प्राचीन त्रिनेत्र गुफा, गोडइला पहाड़ पर हज़ारों लोगों ने जलाभिषेक किया तो वही रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड स्थित गुप्ता धाम मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और जलाभिषेक किया। कई भक्त नंगे पांव हाथों में गंगाजल और बेलपत्र लिए ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करते हुए मंदिर की ओर बढ़ते दिखे। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं का तांता देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम दिनभर चलता रहा। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

वही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। रोहतास एसपी रौशन कुमार सहित सासाराम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार एवं सासाराम अनुमंडलाधिकारी डॉक्टर नह कुमारी ने खुद मोर्चा संभालती हुई नजर आई। पुलिस अधिकारियों ने लगातार मेल और जाम का जायज लिया। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। पहाड़ी पर चढ़ने और उतरने के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अफरातफरी न हो। सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी। मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती के साथ पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। सिर्फ पहाड़ी मंदिर ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य शिवालयो बाबा तिलेश्वर नाथ मंदिर (तकिया), बुढ़वा महादेव (सोनवागढ़), पायलट बाबा धाम, समेत शहर के कई मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और देर शाम तक भीड़ देखी गई कई स्थानों पर जागरण और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। महाशिवरात्रि पर सासाराम पूरी तरह शिवमय हो उठा और आस्था, अनुशासन व भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।







