Boat carrying labourers capsizes in Ganga in Bhagalpur, 6 missing; SDRF rescue operation underway

भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हुआ। मजदूरों को लेकर नदी पार कर रही नाव तेज धारा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई मजदूर नदी की तेज धार में बह गए।

जानकारी के मुताबिक, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो काम के सिलसिले में नदी पार कर रहे थे। नाव पलटने के बाद 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में सफल रहे, जबकि छह मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से लापता मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के नाव के नीचे दबे होने की आशंका है। इसे देखते हुए बचाव दल नदी में नाव के आसपास के हिस्से में भी लगातार तलाश कर रहा है।

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नाव पलटने के बाद गंगा की तेज धारा में मची अफरा-तफरी और लोगों को जान बचाने के लिए संघर्ष करते देखा जा सकता है।

फिलहाल प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव अभियान जारी है। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें लापता मजदूरों की तलाश में जुटी हुई हैं।