Home बिहार बिहार: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने महिला...

बिहार: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने महिला की जान ली

194
0
बिहार: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने महिला की जान ली

बिहार के नालंदा जिले में एक शादी समारोह के दौरान खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना बिहार थाना क्षेत्र के अंबर होटल के पास देर रात हुई, जहां तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मृतका की पहचान छबीलापुर थाना क्षेत्र के गोरौर गांव निवासी धनेश प्रसाद की 35 वर्षीय पत्नी सुधा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बिहारशरीफ आई थीं। घटना के समय वह एक अन्य महिला के साथ सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को इलाज के लिए दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल गम में बदल गया। इधर, अस्पताल में भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जाता है कि सुधा देवी आंगनबाड़ी सेविका थीं और उनकी मौत से परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिहार थाना अध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

GNSU Admission Open 2026