
बिहार: मुजफ्फरपुर कोर्ट कैंपस स्थित सुलभ शौचालय से एक शराब तस्कर को विदेशी शराब की कई बोतलों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कोर्ट परिसर में स्थित शौचालय का संचालन कर रहा था और उसी दौरान गुपचुप तरीके से शराब का अवैध कारोबार भी करता था। नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यायालय परिसर में स्थित शौचालय के पास अवैध शराब की बड़ी खेप छुपाकर रखी गई है।
सूचना के आधार पर नगर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस को देखते ही शौचालय कर्मी भागने लगा, जिसे खदेड़ कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान शौचालय से कुल 11 टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद किए गए। इनमें से 9 बोतलें एक कार्टन में, एक बोतल आरोपी के पॉकेट से और एक कुर्सी के नीचे से बरामद की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर निवासी ललन झा के पुत्र रणजीत झा के रूप में हुई है। शराब की बरामदगी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस अब रणजीत झा से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह शराब कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था।
उसके बयान के आधार पर अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। इस पूरे मामले पर नगर थाना प्रभारी शरत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कोर्ट परिसर स्थित शौचालय में छापेमारी की गई, जहां से एक व्यक्ति को विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी शौचालय का संचालक है और लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






