सासाराम (रोहतास)। बाल स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग द्वारा विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर “स्वच्छ मुख, खुशहाल जीवन” विषय पर जिला कारागार, सासाराम में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नारायण नर्सिंग कॉलेज की डीन सह प्राचार्या प्रो. डॉ. के. लता तथा उप-प्राचार्या प्रो. डॉ. शवेता शर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मौखिक स्वच्छता तथा दांतों के स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। सत्र में सही तरीके से ब्रश करने की विधि का प्रदर्शन, दांतों के लिए लाभदायक एवं हानिकारक खाद्य पदार्थों के बारे में जागरूकता तथा सामान्य दंत समस्याओं की रोकथाम के उपाय बताए गए। इस कार्यक्रम में बी.एससी. नर्सिंग छठे सेमेस्टर तथा एम.एससी. नर्सिंग प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने कारागार के बंदियों के साथ संवाद किया, पम्फलेट वितरित किए तथा मुंह के स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलायी।
इस कार्यक्रम की समन्वयक सुश्री शशिका त्रिपाठी, एम एस सी नर्सिंग ट्यूटर बाल स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग थी जिनकी देखरेख में यह आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।







