
पटना: पटना समेत कई जिलों में सोमवर रात को हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दिलाई। लेकिन, मंगलवार सुबह होते ही धूप और छांव का खेल शुरू हो गया। सुबह करीब नौ बजे राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई। इधर, मौसम विभाग ने पटना, अरवल, सारण, वैशाली, सीवान, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, गया, नवादा, जमुई, बांका, समस्तीपुर, भोजपुर, अरवल, नालंदा, लखीसराय और बेगूसराय में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक जुलाई को बिहार के कैमूर, रोहतस, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय, पटना, अरवल, भोजपुर, और बक्सर में भारी बारिश और वज्रपात के आसर हैं। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपलगंज में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी के जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार जताए हैं। पटना मौसम केंद्र ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
कहा कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। पटना में सोमवार रात पहले हल्की बूंदाबांदी हुई। कुछ देर बाद झमाझम बारिश होने लगी। मेघगर्जन भी काफी हो रहा है। कुछ जगह ठनका गिरने की खबर सामने आई। हालांकि, अब तक कहीं से जानमाल को नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। इधर, झमाझम बारिश ने पटना स्मार्ट सिटी की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश के कारण पटना जंक्शन समेत कई जगहों पर जलजमाव हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।






