
वैशाली: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में मुख्य आरोपी स्थानीय चौकीदार का पोता सोनू कुमार और उसका दोस्त अविनाश कुमार बताया गया है। घटना के बाद जब पीड़िता के पिता ने शिकायत करने की कोशिश की, तो चौकीदार ने उनके साथ मारपीट की और आरोपियों को भगा दिया। इस घटना ने पूरे गांव में आक्रोश पैदा कर दिया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने बताया कि यह भयावह घटना रात 11 बजे की है, जब उनकी 14 वर्षीय बेटी लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली थी।
उसी समय गांव के ही सोनू कुमार (21) और उसके दोस्त अविनाश कुमार (19) ने उसे जबरन पकड़ लिया और सोनू के घर ले गए। वहां दोनों ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता जाग गए और आवाज की दिशा में गए, जहां उन्होंने अपनी बेटी को देखा। उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन सोनू ने फोन करके अपने दादा उपेंद्र पासवान, जो गांव का चौकीदार है, को बुला लिया। इसके बाद उपेंद्र ने पीड़िता के पिता को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी और दोनों आरोपियों को भगा दिया। नाबालिग पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह लघुशंका के लिए बाहर गई थी, तभी सोनू और अभिनाश ने उसे पकड़ लिया और सोनू के घर ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। इस घटना ने पीड़िता और उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पीड़िता के पिता ने बताया कि मारपीट के बाद वह सुबह बिदुपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज की। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। गांव वालों के अनुसार, मुख्य आरोपी सोनू कुमार स्मैक का नशा करता है और गांव में अपनी दबंगई बनाए रखता है। उसके दादा उपेंद्र पासवान, जो चौकीदार हैं, ने भी इस मामले में पीड़िता के पिता के साथ मारपीट कर अपनी ताकत दिखाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गांव में दबदबा रखने वाले लोगों की वजह से हो रही हैं, और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस घटना ने गांव में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है और लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हाजीपुर के सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया है और उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) की टीम भेजी गई है ताकि सबूत इकट्ठे किए जा सकें। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है और एसडीपीओ ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस इस मामले में चौकीदार उपेंद्र पासवान की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की और आरोपियों को भगाने में मदद की। हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने कहा कि बिदुपुर में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हमने तत्काल जांच शुरू कर दी है और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर सबूत जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।






