Home बिहार नालंदा में सड़क हादसे में युवक की मौत, तलवार से स्टंट कर...

नालंदा में सड़क हादसे में युवक की मौत, तलवार से स्टंट कर रहे थे बाइक सवार

506
0
A young man died in a road accident in Nalanda, bike rider was doing stunts with a sword

नालंदा: नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत करौटा-राजगीर टूरिस्ट वे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान धरमपुर गांव निवासी विनोद मिस्त्री के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे में उसका साथी सन्नी कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज एक निजी क्लिनिक में चल रहा है।

घटना के संबंध में मृतक के मामा रामबाबू ने बताया कि मुकेश अपने दोस्त सन्नी के साथ बाइक पर सवार होकर हरनौत में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान नरसंडा फोरलेन के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें तत्काल बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के क्रम में शनिवार को मुकेश की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय 25 से 30 युवक बाइक पर सवार होकर स्टंट कर रहे थे और हाथों में तलवार लहराते हुए लहरिया कट मार रहे थे।

GNSU Admission Open 2026

इसी दौरान एक बाइक, सालेहपुर की ओर से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार को घेरकर बाइक सवारों ने हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़ दिए गए और उसमें सवार लोगों को तलवार से घायल कर दिया गया। इसके बाद सभी युवक घटनास्थल से फरार हो गए। चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए 25-30 युवक एक साथ बाइक से निकले थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ।




GNSU Admission Open 2026