
पटना: बिहार के मधेपुरा जिले के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के अर्राहा गांव में मंगलवार देर रात एक 19 वर्षीय युवक की करंट लगने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्राहा वार्ड नंबर एक निवासी देवेंद्र महतो के छोटे बेटे करण कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर षड्यंत्र रचकर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घैलाढ़ ओपी अध्यक्ष अवधेश प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों की ओर से अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। परिजनों के मुताबिक करण मंगलवार को अपने खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान गांव के ही सत्येंद्र सिंह किसी काम के बहाने उन्हें बुलाकर अपने घर ले गए, वहां करंट लगाकर उनकी हत्या कर दी।
करण के पूरे शरीर पर सूखा आटा लगा हुआ था। मौत के बाद आरोपी मृतक के शव को सदर अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि करण अपने परिवार में दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात करीब 12 बजे मधेपुरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।






