सासाराम : रोहतास 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोहतास के निर्देश पर मल्टीपर्पस हॉल, सासाराम में कार्यक्रम का आयोजन समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों में मताधिकार के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
कार्यक्रम में अधिकारीगण ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक देश में लोकतंत्र का विशेष महत्व है। 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग का गठन हुआ था। वर्ष 2011 में प्रथम बार इस तिथि को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का निर्णय लिया गया जो वर्ष 2011 से लगातार राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम मनाया जा रहा है। योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जायेगा। मतदान के समय सभी मतदाता अपने वोट का प्रयोग करें, इस हेतु हम सभी को प्रयास करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई कि हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, बीएलओ एवं डाटा इन्ट्री ऑपरेटर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।







