Home बिहार बिहार: प्रेम प्रसंग में किशोर की चाकू मारकर हत्या, घायल मौसेरे भाई...

बिहार: प्रेम प्रसंग में किशोर की चाकू मारकर हत्या, घायल मौसेरे भाई का पटना में इलाज जारी

426
0
Bihar: Teen stabbed to death in love affair, injured cousin brother's treatment continues in Patna

बिहार: नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनु विगहा गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक वारदात में 14 वर्षीय किशोर प्रीतम कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह गिरियक थाना क्षेत्र के तरोखर गांव निवासी वरुण कुमार का पुत्र था। इस घटना में उसका मौसेरा भाई चंदन कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पटना में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

प्रीतम अपने परिवार के साथ लुधियाना (पंजाब) में रहता था और वह तीन दिन पूर्व ही अपने मौसा मुन्ना कुमार के घर चुलिहारी गांव आया था। रविवार को वह अपने मौसेरे भाई चंदन और गांव के एक अन्य युवक के साथ लखनु विगहा गांव के पास खाने पीने के लिए गया था। परिजनों ने बताया कि चार पांच लड़कों ने प्रीतम और चंदन को जबरन संजय पासवान के घर के पास रोक लिया और उन्हें खेत में ले जाकर चाकू से हमला कर दिया। एक युवक वहां से भागकर गांव पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान प्रीतम की मौत हो गई। सदर एसडीपीओ नुरुल हक ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि घटना बच्चों के बीच हुए आपसी विवाद के कारण हुई है।

GNSU Admission Open 2026

जांच के अनुसार, संजीत कुमार के पुत्र चंदन और उसके मौसेरे भाई प्रीतम पर रविंद्र के दो पुत्रों और कविंद्र पासवान ने चाकू से हमला किया था। प्राथमिकी दर्ज कर प्राथमिक आरोपी कविंद्र पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, रविंद्र के दोनों पुत्र नाबालिग हैं, जिन्हें पकड़ने की कोशिश जारी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि घायल चंदन कुमार का रविंद्र पासवान की बेटी से प्रेम प्रसंग था। उसी से मिलने वह अपने मौसेरे भाई प्रीतम और एक अन्य युवक के साथ लखनु विगहा गया था। वहां प्रेमिका के भाइयों ने उन्हें पकड़ लिया और चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घायल चंदन के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।






GNSU Admission Open 2026