पटना: बिहार में नए साल का आगाज हड्डियों को कंपा देने वाली ठंड के साथ हुआ है। हालांकि सुबह में धुप निकलने से लोगों को थोड़ी बहुत राहत जरुर मिली लेकिन इसके बाद भी सडकों पर कोहरा का व्यापक असर दिखा। बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे ने पटना समेत पूरे बिहार को को अपनी आगोश में ले लिया है। समस्तीपुर में तो ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज शुक्रवार को सूबे के सभी 38 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर अब भी जारी है। राजधानी पटना समेत जहानाबाद, बेगूसराय और भागलपुर जैसे 10 जिलों में कोहरे का तांडव इस कदर है कि विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रह गई है। सड़कों पर गाड़ियां रेंग रही हैं और आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि 5 जनवरी तक ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बांग्लादेश के पास चक्रवाती परिसंचरण की वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने पूरे महीने का बुलेटिन जारी करते हुए बताया है कि पश्चिमी और दक्षिण बिहार के जिलों खासकर बक्सर, रोहतास, कैमूर, गया, औरंगाबाद, नवादा) में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है, लेकिन पछुआ हवाएं ठिठुरन कम नहीं होने देंगी।







