
बिहार: बिहार पुलिस में भर्ती होने वाले एनसीसी सर्टिफिकेट धारकों को अब बोनस अंक का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार स्तर पर इस प्रस्ताव को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। भविष्य की बहालियों में इसका फायदा एनसीसी कैडेट्स को मिलना शुरू हो जाएगा। यह जानकारी बिहार एवं झारखंड एनसीसी निदेशालय के एडीजी मेजर जनरल एएस बजाज ने सासाराम स्थित 42 बिहार बटालियन एनसीसी में चल रहे संयुक्त वार्षिक शिविर के निरीक्षण के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है बस सही मार्गदर्शन और दिशा देने की। साथ ही छात्रों को अपने इतिहास, संस्कृति और धरोहर पर गर्व करने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं से अंग्रेजी को दूसरी भाषा के रूप में अपनाने की भी सलाह दी। एडीजी बजाज ने कहा कि एनसीसी का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनाना है। जब युवा अनुशासन में रहना सीखेंगे, तभी देश की तरक्की संभव होगी। निरीक्षण के दौरान कैडेट्स ने मेजर जनरल बजाज को क्वार्टर गार्ड में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने कैंप में बने विभिन्न कार्यालयों, क्लासरूम, सिम्युलेटर हॉल, फायरिंग रेंज, मेस और कैडेट्स के रहने के स्थान का निरीक्षण किया।
शिविर में 42 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल धर्मेंद्र सिंह मलिक और प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अनूप कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें ड्रिल, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, फायरिंग, साइबर सिक्योरिटी, सेल्फ डिफेंस, आपदा प्रबंधन, फायर सेफ्टी, ट्रैफिक कंट्रोल, एसएसबी वर्कशॉप और एआरओ क्लास शामिल हैं। शिविर का उद्देश्य थल सेना कैंप, इंटर डायरेक्टोरेट स्पोर्ट्स शूटिंग कैंप, बेस्ट कैडेट और आईजीजीबीसी के लिए प्रतिभागियों का चयन करना है।






