पटना। बिहार में सुबह के धूप का इंतजार कर रहे लोगों को शुक्रवार को मायूसी हाथ लगी. आसमान पर अचानक घने कोहरे की चादर तन गई और पछुआ हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया जिसके कारण बढ़ी कनकनी से दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. मौसम में हुए अचानक बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग में अलर्ट जारी किया है।
IMD के अनुसार आज सुबह पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में घना कोहरा छाया रहेगा. इन जिलों में 50 से 200 मीटर तक ही विजिबिलिटी रहने की आशंका है, जिस कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।वही मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में हवा की रफ्तार बेहद कम है, जिससे वातावरण में नमी लंबे समय तक बनी हुई है.
रात के समय तापमान तेजी से गिरने के कारण रेडिएशन फॉग बन रहा है. ठंडी रातें, नमी और शांत वातावरण मिलकर कोहरे को और घना बना रहे हैं, खासकर उत्तर और उत्तर-मध्य बिहार में इसका असर ज्यादा दिख रहा है.वही अगले चार दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल में हल्की बारिश हो सकती है. शेष जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा.







