
बिहार: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), पटना ने निम्नवर्गीय लिपिक (Lower Division Clerk – LDC) पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने एक्स पर जानकारी दी है कि पहले प्रस्तावित प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कर अब सीधे मुख्य ( वस्तुनिष्ठ) लिखित प्रतियोगिता परीक्षा कराने का निर्णय लिया है, जिसका आयोजन 20 सितंबर 2025 को किया जाएगा। आयोग की ओर से जारी नई सूचना के अनुसार, अब उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके स्थान पर एक ही चरण की मुख्य वस्तुनिष्ठ परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। यह बदलाव आयोग की ओर से जारी विज्ञापन की कंडिका-6 के अनुसार किया गया है। इस बारे में आयोग ने कहा है कि 4 जुलाई 2025 को जारी की गई जरूरी सूचना अब बदल दी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नई सूचना और परीक्षा से जुड़ी सभी बातें ध्यान से पढ़ लें।
बिहार लोक सेवा आयोग ने पटना में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई 2025 से शुरू की थी, जो कि 29 जुलाई 2025 तक चली। इस दौरान इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों ने आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरे। इस भर्ती अभियान का उद्देश्य 26 रिक्तियों को भरना है। इस भर्ती प्रक्रिया में एससी/एसटी/महिला/दिव्यांग (PwD) श्रेणी के उम्मीदवारों से 150 रुपये, जबकि अन्य सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों से 600 रुपये आवेदन शुल्क लिया गया था। उम्मीदवारों ने यह शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किया।






