पटना। गिरिराज सिंह ने बिहार में खुले में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के फैसले को सराहनीय और ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गिरिराज सिंह ने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह कदम जनहित में है और इससे लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट घोषणा की है कि अब बिहार में सड़क किनारे या खुले स्थानों पर मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि केवल वही दुकानदार मांस बेच सकेंगे जिनके पास वैध लाइसेंस होगा और जो सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं मानकों का पालन करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गिरिराज सिंह ने कहा कि खुले में मांस बेचने से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि इससे वातावरण भी दूषित होता है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बिक्री पर रोक लगने से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का भी पालन सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे बिहार में साफ-सफाई और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।







