मोहनियां। कैमूर जिले के मोहनिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां और और ट्रक की ज़ोरदार टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई जबकि ऑटो में सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनिया आरा पथ पर लहुरबारी के समीप शनिवार को दोपहर करीब 1:00 बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही सीएनजी ऑटो ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना के बाद ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान मोहनिया के वार्ड 9 निवासी स्व.इजहार राय के 42 वर्षीय पुत्र रमजान राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। जबकि तीन घायलो में गया जिले के अंगरा निवासी राकेश कुमार के पुत्र रौशन कुमार व पुत्री सोनम कुमारी और फतेहपुर निवासी सुदामा सिंह के पुत्र चंदन कुमार शामिल है।
सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए महिला सहित दो को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना कि सूचना पर पहुंची जिला परिषद सदस्य गीता पासी ने एंबुलेंस की व्यवस्था करा कर घायलों को भेज दिया। मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटनास्थल से ट्रक को जप्त कर लिया गया है और चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वही कागजी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया।







