Home बिहार बेटी के लिए केक लेने निकले फौजी पिता की सड़क हादसे में...

बेटी के लिए केक लेने निकले फौजी पिता की सड़क हादसे में मौत

15
0

दरभंगा: दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सेना के जवान अभिषेक आनंद का सोमवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। तिरंगे में लिपटे जवान के पार्थिव शरीर को सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। उन्हें मुखाग्नि उनके 12 वर्षीय भतीजे अभिनव राज ने दी। मृत जवान का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक घर पहुंचा, पत्नी अंशु अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ पति के शव से लिपटकर रोने लगीं।

परिवार के सदस्य और गांव की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। पूरे इलाके का माहौल बेहद गमगीन हो गया। बताया जाता है कि अभिषेक आनंद राजस्थान के बीकानेर में भारतीय सेना में तैनात थे। वह अपनी तीन वर्षीय बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए 20 दिनों की छुट्टी लेकर गांव आए थे। रविवार शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केक का ऑर्डर देने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान धबौलिया पुल पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बुलेट की टक्कर हो गई।

GNSU Admission Open 2026

इस भीषण हादसे में सेना के जवान सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों युवकों के शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। अभिषेक आनंद वर्ष 2014 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। इस हादसे में पंकज राय और बादल यादव की भी मौत हुई थी। दोनों का अंतिम संस्कार भी सोमवार को किया गया। पंकज राय अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। वहीं, बादल यादव की अभी शादी नहीं हुई थी। वह एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थे, जबकि पंकज राय समाजसेवा से जुड़े हुए थे। उनके बड़े भाई वर्तमान में वार्ड पार्षद हैं।