Home बिहार युवक की संदिग्ध मौत पर भड़का आक्रोश, सड़क जाम कर परिजनों का...

युवक की संदिग्ध मौत पर भड़का आक्रोश, सड़क जाम कर परिजनों का हंगामा

222
0
Anger erupts over the suspicious death of a young man; family members block the road and create ruckus

कैमूर: कैमूर जिले के भभुआ शहर में युवक विशाल चौरसिया की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोनहन–भभुआ मार्ग पर टेढ़वा मोड़ के पास पूरब पोखरा क्षेत्र में सड़क किनारे पानी में युवक का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकालकर सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एकता चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम की पारदर्शी प्रक्रिया और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग पर अड़े रहे।

GNSU Admission Open 2026

मामले को लेकर भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विशाल चौरसिया निजी काम से बाइक पर कहीं जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। पुलिस को सड़क किनारे पानी में शव मिलने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि परिजनों का आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी। अधिकारियों के समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त करा दिया गया।

भभुआ एसडीएम ने बताया कि युवक की मौत बीती रात हुई है और प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना या अन्य परिस्थितियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच सामने नहीं आती, कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं, जबकि प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026