
पटना: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन करना शुरू कर दिया है। पटना जिले में मंगलवार को मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पालीगंज से माले प्रत्याशी संदीप सौरभ समेत 9 विधानसभा सीटों के कुल 12 उम्मीदवारों ने भी पर्चा भरा। पूर्व विधायक अनंत सिंह इस बार जेडीयू के टिकट पर मैदान में हैं। नामांकन के समय हजारों समर्थक मौजूद रहे, जो ‘अनंत सिंह जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे।
पर्चा दाखिल करने के बाद वे बाढ़ से मोकामा तक रोड शो करते हुए निकले। जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास चल संपत्ति 26.66 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति 11.22 करोड़ रुपये की है। वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी उनसे भी ज्यादा संपन्न हैं, उनके पास चल संपत्ति 13.07 करोड़ और अचल संपत्ति 49.65 करोड़ रुपये दर्ज है। अनंत सिंह ने हाल ही में 2 करोड़ से अधिक कीमत की टोयोटा लैंड क्रूजर कार खरीदी है। पति-पत्नी दोनों को गहनों का भी खास शौक है। उनके पास कुल 91 लाख रुपये के आभूषण हैं। हालांकि, दोनों पर भारी कर्ज भी है।
अनंत सिंह पर 27.49 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी पर 23.51 करोड़ रुपये का लोन बकाया है। उनके खिलाफ 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अनंत सिंह को हाथी और घोड़े पालने का शौक है। वे कई बार बिहार विधानसभा परिसर में बग्घी से पहुंचते नजर आए हैं, जो चर्चा का विषय बनता है। कई मौकों पर उन्हें घोड़े की सवारी करते भी देखा गया है। उनके फार्महाउस पर कई और जानवर भी पाले जाते हैं। अपनी तमाम संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल के बावजूद अनंत सिंह खुद को किसान बताते हैं। बिहार की राजनीति में वे एक प्रभावशाली और विवादित चेहरा रहे हैं, जिनकी लोकप्रियता ग्रामीण इलाकों में अब भी बरकरार है।






