Home बिहार खेलने निकला मासूम नहीं लौटा, सुबह मिला शव; ग्रामीणों का SH-78 पर...

खेलने निकला मासूम नहीं लौटा, सुबह मिला शव; ग्रामीणों का SH-78 पर बवाल

125
0
An innocent child who went out to play did not return, his body was found in the morning; villagers created a ruckus on SH-78.

नालंदा: नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत दररिया बिगहा गांव स्थित कल्याणपुर वाली खजाना खंधा से मंगलवार सुबह एक आठ वर्षीय बालक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दररिया गांव निवासी निरंजन कुमार के आठ वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने करौटा–राजगीर एसएच-78 को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

सड़क जाम के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। मृतक के चाचा मनीष कुमार ने बताया कि अंकित सोमवार शाम घर से खेलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन पूरी रात उसकी तलाश में परेशान रहे। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण टहलने के लिए निकले, तो खजाना खंधा में बालक का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक के पिता का मंगलचक (बाढ़) निवासी एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि महिला द्वारा निरंजन कुमार को ब्लैकमेल कर रुपये की मांग की जा रही थी। परिजनों का दावा है कि रुपये नहीं देने पर महिला ने निरंजन कुमार या उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

GNSU Admission Open 2026

इसी आधार पर परिजन महिला पर अंकित की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलने पर चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया है। फिलहाल बालक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, बच्चे के गले में रस्सी का फंदा बंधा हुआ पाया गया है। चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


GNSU Admission Open 2026