छपरा: छपरा शहर में एक बार फिर अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी इलाके में लूटपाट के दौरान अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
मृतक की पहचान अवकाश प्राप्त बैंककर्मी जय किशोर तिवारी के 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास ट्रेन से छपरा कचहरी स्टेशन उतरा था और पैदल ही अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रेलवे कॉलोनी के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। जब विकास ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसकी कमर में गोली मार दी और उसका बैग लूटकर फरार हो गए।
गोली लगने के बावजूद विकास ने हिम्मत दिखाते हुए कुछ दूरी तक भागने की कोशिश की, लेकिन नगर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने युवक को घायल अवस्था में देखा तो तुरंत शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र महतो ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि विकास इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद पटना में नौकरी कर रहा था और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह और नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक के मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले नाले को लेकर हुए विवाद को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।







