मुंगेर: मुंगेर में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे लखीसराय-एनएच 80 स्थित एक पेट्रोल पंप के पास जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोग इधर-उधर भाग गए। इस दौरान गंगा स्नान कर घर लौट रहे 20 वर्षीय अंकुश कुमार, जो दिल्ली में मजदूरी करता है और नवरात्र के लिए गांव आए थे, गोलीबारी में जांघ के पास गोली लगने से घायल हो गए।
परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक की हालत स्थिर है। पुलिस ने घटना की जानकारी पाते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विवाद आपसी जमीन को लेकर था, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की। एसपी सैयद इमरान मसूद भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में अभी भी दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।







