
मुज्जफरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित जियालाल चौक में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो विनोद कुमार राय का पुत्र था। सूरज हाल ही में एक चर्चित हत्या मामले में जेल से छूटकर घर लौटा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उस पर कई लोगों का कर्ज बकाया था और कर्जदाताओं का उस पर लगातार दबाव बना हुआ था।
साथ ही, पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी और हाल के दिनों में दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन्हीं कारणों से आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। मौत की खबर मिलते ही मौके पर अहियापुर थाना की पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
शव को देखने पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होने का दावा किया है। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए हैं। उन्होंने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उल्लेखनीय है कि मृतक सूरज कुमार हाल ही में कुख्यात अपराधी राजा ठाकुर की हत्या मामले में जेल में बंद था और कुछ सप्ताह पहले ही रिहा होकर घर लौटा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






