रोहतास: रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के मोथा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी 58 वर्षीय विजय पांडे की उस समय मौत हो गई, जब वे सड़क पर आपस में लड़ रहे दो कुत्तों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और लोग इस हादसे को बेहद विचित्र मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विजय पांडे सुबह घर से कूड़ा फेंकने निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने दो कुत्तों को बुरी तरह लड़ते देखा। वे उन्हें भगाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन कुत्तों ने गुर्राना शुरू कर दिया। अचानक घबराकर वे संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे वहीं अचेत हो गए। परिजनों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें तुरंत बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हालांकि, जांच के दौरान चिकित्सकों ने विजय पांडे को मृत घोषित कर दिया। उनकी अचानक हुई मौत से गांव में भी शोक की लहर है। मृतक विजय पांडे अपने परिवार के मुखिया थे और उन्हीं पर घर की पूरी जिम्मेदारी थी। उनके परिवार में 98 वर्षीय मां गुलाबो कुंवर, पत्नी पूनम देवी और तीन बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है और परिजन इस हादसे के लिए दो कुत्तों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।







