
दरभंगा: दरभंगा जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बेनीपुर–बहेड़ी स्टेट हाईवे-88 पर हुए भीषण हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक अन्य दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से जान चली गई। इन घटनाओं के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना बेनीपुर–बहेड़ी एसएच-88 पर पौड़ी गांव के पास हुई। मृतक की पहचान सुजीत पासवान के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के भाई के साथ बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी गांव अपने ससुर के श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुजीत पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुजीत को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी सदमे में बार-बार बेहोश हो जा रही थी। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंचे अलीनगर बीडीओ ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
वहीं, दूसरी घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के पघारी गांव में हुई, जहां स्कूटी सवार मिथुन कुमार और विविध कुमार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






